पेज

शुक्रवार, 18 जुलाई 2014

मोहनलाल गंज रेप कांड सरकार के माथे पर कलंक- भाकपा

लखनऊ- १८ जुलाई २०१४, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव मंडल ने इस बात पर गहरा अफ़सोस जताया कि राजधानी में सरकार की नाक के नीचे मोहनलालगंज के बलिहाखेडा में एक और बेटी दरिंदगी की शिकार होगयी. रोंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना ने जहां समाज को हिला कर रख दिया है वहीँ महिलाओं की इज्जत और जान की रक्षा में पूरी तरह असफल राज्य सरकार के माथे पर एक और कलंक का टीका चस्पा कर दिया है. भाकपा राज्य सचिव मंडल इस वीभत्स घटना की कड़े शब्दों में निन्दा करता है और राज्य सरकार से मांग करता है कि इस घटना के दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाये. यहां जारी एक प्रेस बयान में भाकपा के राज्य सचिव डा. गिरीश ने कहा कि प्रदेश में शायद ही कोई दिन ऐसा गुजरता हो जिस दिन किसी न किसी अबला को अपनी आबरू और जान न गंवानी पड़ रही हो. अभी सिकंदरा राऊ की दलित महिला की चिता की आग ठंडी भी नहीं हुई थी कि कल मोहनलालगंज में यह जघन्य कांड होगया. प्रदेश में असुरक्षा और हैवानियत का ऐसा हाल पहले कभी देखने को नहीं मिला. भाकपा पीडिता की पहचान करने और दोषी पुलिसजनों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करती है. भाकपा ने कल १९ जुलाई को इस घटना के विरोध में भारतीय महिला फेडरेशन द्वारा जी.पी.ओ. पार्क में आयोजित धरने को अपना पूर्ण समर्थन प्रदान किया है. डा. गिरीश