लखनऊ- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी उत्तर प्रदेश के राज्य सचिव मंडल ने बाराबंकी में जहरीली
शराब पीने से दर्जन भर नागरिकों की मौत पर गहरा दुःख प्रकट किया है और शोक संतप्त
परिवारोंb के प्रति गहरी संवेदनाओं का इजहार किया है. भाकपा ने हर मृतक के परिवार
को रूपये 10 लाख और इलाज करा रहे लोगों को रुपये 2 लाख की आर्थिक सहायता तत्काल दिए
जाने की मांग की है.
यहाँ जारी एक प्रेस बयान
में भाकपा के राज्य सचिव डा. गिरीश ने इस बात पर हैरत जतायी कि चन्द माह पूर्व
जनपद एटा के अलीगंज में जहरीली शराब से हुयी कई दर्जन लोगों की मौतों से मौजूदा
राज्य सरकार ने कोई सबक नहीं लिया और एक और ह्रदयविदारक हादसा होगया. सरकार की
संवेदनहीनता का इससे बढ़ा उदहारण क्या होगा कि प्रशासन ने मुआबजे का लालच देकर
पीड़ित परिवारों से बयान दिलवाए कि मौतें ठंड के कारण हुयी हैं. सच तो यह है कि इन
मौतों के लिये केवल और केवल राज्य सरकार और उसकी मशीनरी जिम्मेदार है.
भाकपा ने कहा की सरकार को
इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिये और नीचे से ऊपर तक जिम्मेदार लोगों के
खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जानी चाहिये.