लखनऊ 29 जून। कांग्रेस आई नेतृत्व वाली केन्द्र की संप्रग सरकार ने पेट्रोल, डीजल, किरासन तेल और रसोई गैस के दाम बढ़ा दिये हैं। महंगाई पर रोक लगाने के लिए उचित कदम उठाने की बजाय पेट्रोलियम पदार्थों के दाम की वृद्धि महंगाई को और बढ़ायेगी। खाद्य पदार्थों के लिए मुद्रास्फीति दर 17 फीसदी तक पहुंच गयी है। सरकार जनता के विरोध को सुनने के लिए तैयार नहीं है। सरकार पर दबाब डालने के लिए वाम दलों और अन्य धर्मनिरपेक्ष-लोकतांत्रिक दलों ने 5 जुलाई को आम हड़ताल का आह्वान किया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने प्रदेश के व्यापारियों, किसानों, मजदूरों, वकीलों, महिलाओं, छात्रों, नौजवानों एवं महंगाई से प्रभावित आमजन का आह्वान किया है कि इस आम हड़ताल को सफल बनायें। उक्त बयान वाम दलों की बैठक के बाद जारी किया गया। बैठक में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव डा. गिरीश, अशोक मिश्र, भानु प्रताप सिंह, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के राज्य सचिव एस.पी.कश्यप, दीना नाथ सिंह एवं प्रेम नाथ राय उपस्थित थे। इस हड़ताल से पानी, बिजली, अस्पताल जैसी सेवाओं को मुक्त रखा गया है।
(डा. गिरीश)
राज्य सचिव
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी
उत्तर प्रदेश
(एस.पी.कश्यप)
राज्य सचिव
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मा.)
उत्तर प्रदेश
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें